नरेश सक्सेना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नरेश सक्सेना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 16 सितंबर 2024

आधा चाँद

पूरी रात के लिए मचलता है 
आधा समुद्र 

आधे चाँद को मिलती है पूरी रात 
आधी पृथ्वी की पूरी रात 
आधी पृथ्वी के हिस्से में आता है 
पूरा सूर्य 
आधे से अधिक 
बहुत अधिक मेरी दुनिया के करोड़ों-करोड़ लोग 
आधे वस्त्रों से ढाँकते हुए पूरा तन

आधी चादर में फैलाते हुए पूरे पाँव
आधे भोजन से खींचते पूरी ताकत 
आधी इच्छा से जीते पूरा जीवन 
आधे इलाज की देते पूरी फीस
पूरी मृत्यु 
पाते आधी उम्र में।

आधी उम्र, बची आधी उम्र नहीं 
बीती आधी उम्र का बचा पूरा भोजन 
पूरा स्वाद
पूरी दवा
पूरी नींद 
पूरा चैन
पूरा जीवन 

पूरे जीवन का पूरा हिसाब हमें चाहिए 

हम नहीं समुद्र, 
नहीं चाँद, 
नहीं सूर्य 
हम मनुष्य, हम - 
आधे चौथाई या एक बटा आठ
पूरे होने की इच्छा से भरे हम मनुष्य।

- नरेश सक्सेना 
----------------

अनूप भार्गव की पसंद 

बुधवार, 11 सितंबर 2024

बाँसुरी

बाँसुरी के इतिहास में
उन कीड़ों का कोई ज़िक्र नहीं
जिन्होंने भूख मिटाने के लिए
बाँसों में छेद कर दिए थे

और जब-जब हवा उन छेदों से गुजरती
तो बाँसों का रोना सुनाई देता

कीड़ों को तो पता ही नहीं था
कि वे संगीत के इतिहास में हस्तक्षेप
कर रहे हैं
और एक ऐसे वाद्य का आविष्कार
जिसमें बजाने वाले की साँसें बजती हैं

मैंने कभी लिखा था
कि बाँसुरी में साँस नहीं बजती
बाँस नहीं बजता
बजाने वाला बजता है

अब
जब-जब बजाता हूँ बाँसुरी
तो राग चाहे जो हो
उसमें थोड़ों की भूख
और बाँसों का रोना भी सुनाई देता है

- नरेश सक्सेना
-----------------

संपादकीय चयन 

मंगलवार, 16 जनवरी 2024

अच्छे बच्चे

कुछ बच्चे बहुत अच्छे होते हैं
वे गेंद और ग़ुब्बारे नहीं माँगते
मिठाई नहीं माँगते ज़िद नहीं करते
और मचलते तो हैं ही नहीं

बड़ों का कहना मानते हैं
वे छोटों का भी कहना मानते हैं
इतने अच्छे होते हैं

इतने अच्छे बच्चों की तलाश में रहते हैं हम
और मिलते ही
उन्हें ले आते हैं घर
अक्सर
तीस रुपए महीने और खाने पर।

- नरेश सक्सेना।
-----------------

संपादकीय चयन 

बुधवार, 20 सितंबर 2023

फूल कुछ नहीं बताएँगे

कितने फूलों से बनती है एक क्यारी 
कितनी क्यारियों से एक बग़ीचा
और कितने बग़ीचों से बनती है
एक शीशी इत्र की 
यह बताएँगे फूलों के व्यापारी 
फूल कुछ नहीं बताएँगे 

- नरेश सक्सेना।
----------------

प्रगति टिपणीस की पसंद