शब्द लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शब्द लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 3 जुलाई 2025

शब्द

 शब्द

शब्द अगर आना तो –                                 

कोई शुभ्र अर्थ लाना,

तुमको रच, अपने गीतों का

कोष सँवारूँगा।

अर्थ कि वह ताजा – टटका

जो मन पीड़ा हरदे

हृदय- कुंड खारे पानी को

जो मीठा कर दे

 

मित्र सार्थक बनकर

मन के पन्नों छा जाना,

मिले भाव- नवनीत, सृजन की-

रई बिलोड़ूँगा।

दीन- दुखी कर दर्दों का-

मरहम लाना भाई

‘घीसू’ हरषे और असीसे

‘जुमम्न’ की माई

मुल्ला- पंडित गले मिलें

वह युक्ति साथ लाना,

आपस में जो पड़ी बैर-

की, गाँठें खोलूँगा।

वंचित को हो चना – चबैना

भूखा पेट भरे

सन्नाटों को चीर – चिरइया

होकर मुक्त उड़े

बच्चों की बेलौस हँसी

अक्षर – अक्षर दमके,

अपनी कलम उतार, धुंध के

बादल छाटूँगा। 

 

- श्यामलाल ‘शामी’

----------------------


हरप्रीत सिंह पुरी के सौजन्य से 


बुधवार, 18 दिसंबर 2024

शब्द

शब्द महज़ शब्द नहीं

पूरा संसार है
केंचुए-सा रेंगता
वायलिन-सा बजता
रंगों-सा बिखरता

मुँह खुलता है जब भी
अंकुर-सा प्रस्फुटित होता है
हाथ के खिलाफ़ मुट्ठी-सा तनता है
युद्ध में ज़ोरों से फटता है
युद्ध के विरुद्ध
सफ़ेद पताका-सा लहराता है
शब्द।

- हेमंत जोशी
---------------

कविता कोश से साभार 

गुरुवार, 11 जनवरी 2024

शब्द

शब्द 
अक्षरों से मिल बना 
बड़ा 
लेकिन 
एहसासों को 
कहने में काम न आ सका 
प्रेम भरी नज़र 
आत्मीय छुअन
और 
मौन 
शब्द से आगे निकले हैं 
संवाद की कड़ी में।

- अभिषेक जैन।