वर्तिका नन्दा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
वर्तिका नन्दा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 19 मार्च 2025

सुर

 कोई सुर अंदर ही बजता है कई बार

दीवार से टकराता है

बेसुरा नहीं होता फिर भी

 

कितनी ही बार छलकता है जमीन पर

पर फैलता नहीं

 

नदी में फेंक डालने की साजिश भी तो हुई इस सुर के साथ बार-बार

सुर बदला नहीं

 

सुर में सुख है

सुख में आशा

आशा में  साँस  का एक अंश

इतना अंश काफी है

मेरे लिए, मेरे अपनों के लिए, तुम्हारे लिए, पूरे के पूरे जमाने के लिए

पर इस सुर को

कभी सहलाया भी है ?

सुर में भी जान है

क्यों भूलते हो बार-बार


- वर्तिका नन्दा

----------------

हरप्रीत सिंह पुरी के सौजन्य से 

रविवार, 16 मार्च 2025

प्रेम

 मुमकिन है बहुत कुछ

आसमान से चिपके तारे अपने गिरेबां में सजा लेना

शब्दों की तिजोरी को लबालब भर लेना


देखो तो इंद्रधनुष में ही इतने रंग आज भर आए

और तुम लगे सोचने

ये इंद्रधनुष को आज क्या हो गया!


सुर मिले इतने कि पूछा खुद से

ये नए सुरों की बारात यकायक कहाँ  से फुदक आई?


भीनी धूप से भर आई रजाई

मन की रूई में खिल गए झम-झम फूल


प्रियतम,

यह सब संभव है, विज्ञान से नहीं,

प्रेम में आँखें खुली हों या मुंदी

जो प्रेम करता है

उसके लिए कुछ सपना नहीं

बस, जो सोच लिया, वही अपना है।


-वर्तिका नन्दा

---------------

-हरप्रीत सिंह पुरी के सौजन्य से